मध्य प्रदेशसिंगरौली

बासी बेरदहा में पेड़ों की कटाई पर बवाल, कांग्रेस की जांच टीम को पुलिस ने रोका, सड़क पर उतरे नेता

सिंगरौली जिले के बासी बेरदहा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही कथित पेड़ों की कटाई को लेकर बुधवार को कांग्रेस की 12 सदस्यीय जांच टीम सिंगरौली पहुंची। लेकिन बासी बेरदहा पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें धिरौली गांव के पास रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। मौके पर दो सौ से अधिक कांग्रेसी मौजूद हैं।

उमंग सिंघार और विक्रांत भूरिया बाइक से पहुंचे कटाई स्थल
पुलिस की रोक के बावजूद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सांसद विक्रांत भूरिया बाइक से जंगल में प्रवेश कर कटाई स्थल तक पहुंच गए। वहीं रुके हुए अन्य नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।

पटवारी का सवाल—जंगल देखने से क्यों रोका जा रहा है?
पूर्व मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यदि सब कुछ ठीक है, तो जांच टीम को जंगल और आदिवासी परिवारों से मिलने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और अडानी समूह पर हमला बोलते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह पक्षपात कर रहा है।

अजय सिंह ने कहा—12 लोगों को जाने दें
चुरहट विधायक अजय सिंह ‘राहुल भैया ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस केवल अपनी 12 सदस्यीय टीम को अंदर भेजना चाहती है, लेकिन पुलिस अनुमति नहीं दे रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति न मिलने तक धरना जारी रहेगा।

800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए धिरौली गांव के आगे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सिंगरौली सहित कई जिलों से 800 से अधिक पुलिसकर्मी और क्यूआरएफ तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।

कटाई रोकने और कार्रवाई की मांग
जांच टीम में जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, अजय सिंह, विक्रांत भूरिया, जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। सभी ने पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोग भी विरोध में
स्थानीय निवासियों ने कहा कि कटाई से क्षेत्र की हरियाली खत्म होगी और भविष्य में प्रदूषण व जल संकट बढ़ेगा। कांग्रेस टीम जल्द ही अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।

Author

Related Articles

Back to top button