विंध्यनगर-तेलगवा सड़क चौड़ीकरण के लिए एनटीपीसी ने 5.83 करोड़ का टेंडर जारी किया
एनटीपीसी का यह कदम आमजन की सुविधा को लिए महत्वपूर्ण: पार्षद प्रेमसागर

सिंगरौली। विंध्यनगर से तेलगवा तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण की लंबे समय से उठ रही मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। पार्षद प्रेम सागर मिश्रा द्वारा कलेक्टर सिंगरौली, एसडीएम, पुलिस अधीक्षक, आयुक्त, एनजीटी अध्यक्ष, प्रधानमंत्री कार्यालय और एनटीपीसी प्रबंधन सहित संबंधित विभागों को दिए गए ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी विंध्यनगर ने कुल ₹5,83,04,420.03 की लागत से सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का टेंडर जारी कर दिया है।
जल्द ही इस महत्वपूर्ण परियोजना पर कार्य की शुरुआत होने की संभावना है। सड़क चौड़ीकरण से विंध्यनगर-तेलगवा मुख्य मार्ग पर रोजाना होने वाली भीड़भाड़ और आवागमन की समस्याओं में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर भारी वाहनों और स्थानीय यातायात के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी।
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने एनटीपीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम आमजन की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।













