स्कूल पिकनिक पर जा रही बस नदी में गिरी, 28 छात्र घायल
विदिशा में बड़ा हादसा: पुल से नीचे जा गिरी बस, पानी नहीं होने से टला बड़ा नुकसान

विदिशा।मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नटेरन थाना क्षेत्र के जोहद गांव के पास सगड़ नदी पुल पर 48 छात्रों से भरी एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में 28 छात्र घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि नदी में पानी नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, बंगला चौराहा स्थित एक निजी स्कूल की बस रविवार सुबह छात्रों को लेकर सांची पिकनिक के लिए जा रही थी। बस जैसे ही जोहद गांव के पास सगड़ नदी के पुल को पार कर रही थी, तभी सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया। पुल की चौड़ाई संकरी होने के कारण बस सीधे पुल से नीचे जा गिरी और पत्थरों पर जा अटकी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार बच्चों में अफरातफरी फैल गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
अस्पताल में भर्ती, पांच छात्र रेफर
घायल छात्रों को तत्काल राजीव गांधी शासकीय जन चिकित्सालय, गंजबासौदा पहुंचाया गया। यहां 28 छात्रों का इलाज किया गया। इनमें से करीब पांच छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल छात्रों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुल की संकरी संरचना और चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं स्कूल प्रशासन ने घटना की सूचना सभी अभिभावकों को दे दी है और इलाज की पूरी जिम्मेदारी उठाने की बात कही है।इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा, चालकों की सतर्कता और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













