इंदौर विकास बैठक में विजयवर्गीय का चुटीला तंज, बोले– ‘सीएम के नाम से अधिकारी डराते हैं’
हंसी-मजाक में कही बात के सियासी मायने, बैठक में मेट्रो और विकास कार्यों पर हुई चर्चा

इंदौर।इंदौर के विकास कार्यों को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक शुरू होने से पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री के नाम से डराते हैं। यह बात उन्होंने मजाक में कही, जिस पर मुख्यमंत्री मुस्कुरा दिए। हालांकि इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। मेट्रो परियोजना को लेकर बताया गया कि अब तक लगभग 17 किलोमीटर तक मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन पूरा किया जा चुका है। साथ ही मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर शहर में उनका स्वागत किया गया। विधायक रमेश मेंदोला ने बापट चौराहे पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से लेकर ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर तक कई स्थानों पर स्वागत मंच लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद बैठक में शामिल हुए।बैठक में शहर के विकास को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।













