क्राइम न्यूज़बड़ी खबरमध्य प्रदेशसिंगरौली

जादू-टोना के शक में दो बुजुर्गों की हत्या, बीच-बचाव करने वाले दंपति गंभीर

देवसर के लोहरा गांव में सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरवा के ग्राम लोहरा के बैरिहवा टोला में जादू-टोना के शक में दो बुजुर्गों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि मृतकों की पहचान फुल कुमारी सिंह गोंड (50 वर्ष) और कैमल नारायण सिंह (65 वर्ष), दोनों निवासी बैरिहवा टोला के रूप में हुई है। आरोप है कि बैरिहवा निवासी छत्रपति सिंह (21 वर्ष) ने दोनों को अपने घर बुलाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सुमित्रा सिंह (38 वर्ष) और रामभजन सिंह (35 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच आरोपी ने संभवतः सुनियोजित तरीके से बुजुर्गों को अपने घर बुलाया और घर के बाहर आंगन में बने चबूतरे के पास वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल के पास पूजा-पाठ की सामग्री मिलने से जादू-टोना और अंधविश्वास के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ माह पहले आरोपी की पत्नी का गर्भपात हो गया था। आरोपी को शक था कि मृतक बुजुर्गों ने जादू-टोना कर उसकी पत्नी का गर्भपात कराया है। इसी शक के आधार पर उसने पूजा-पाठ के बहाने दोनों को घर बुलाया और वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा आरोपी से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button