देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

स्पीकर के चैंबर में घुसने का आरोप, किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर साधा निशाना

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चैंबर में जबरन घुसने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 20-25 सांसद स्पीकर के चैंबर में घुसे और वहां गाली-गलौच व धमकी दी गई।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि यह घटना प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में हुई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर के चैंबर में कहा कि जब प्रधानमंत्री सदन में बोलने आएंगे तो वे विरोध करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद के अंदर हुई घटना रिकॉर्ड भी हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि यह क्लिप कांग्रेस के ही एक सांसद ने गैरकानूनी तरीके से रिकॉर्ड की है। उन्होंने लिखा कि उनकी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और सांसदों को हिंसक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित नहीं करती।

रिजिजू ने अपने वीडियो संदेश में राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनसे सुधार की उम्मीद कम है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनसे सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की जाती है।

उन्होंने संसद में हुए एक अन्य घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की कुछ महिला सांसद प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट तक पहुंच गई थीं। रिजिजू ने कहा कि एनडीए सांसदों ने संयम बनाए रखा, अन्यथा स्थिति बिगड़ सकती थी।

Author

Related Articles

Back to top button