देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अजित पवार विमान हादसे पर सियासत तेज, संजय राउत ने जांच पर उठाए सवाल

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने हादसे की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे संदिग्ध बताया है। उन्होंने एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार द्वारा लगाए गए ‘षड्यंत्र’ और ‘तोड़फोड़’ के आरोपों का भी समर्थन किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियों पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी, सीबीआई, आईबी और राज्य पुलिस जैसी एजेंसियों पर जनता का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े मामलों में निष्पक्ष जांच नहीं हो पाती और सत्ता में बैठे लोगों को बचाने के लिए जांच प्रभावित की जाती है।

राउत ने कहा कि हादसे में शामिल विमान गुजरात से आया था, जिससे लोगों के मन में संदेह पैदा हुआ है। उन्होंने अहमदाबाद विमान हादसे का उदाहरण देते हुए कहा कि इतने बड़े हादसे की जांच के नतीजों को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।

उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा जांच एजेंसियों पर भरोसा जताने की अपील को खारिज करते हुए कहा कि इस मामले में पारदर्शी जांच जरूरी है। साथ ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से अपील की कि वे रोहित पवार के आरोपों को गंभीरता से लें और इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी न मानें।

राउत ने हाल ही में एनसीपी नेताओं सुनेत्रा पवार और प्रफुल्ल पटेल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि इस मुद्दे को प्रधानमंत्री के सामने उठाया जाता तो हादसे की जांच को और गति मिल सकती थी।

Author

Related Articles

Back to top button