बालाघाट: हॉस्टल में पढ़ने वाली आठवीं की छात्रा बनी मां, अधीक्षिका निलंबित

भोपाल -मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास परसामऊ में पढ़ने वाली साढ़े 13 वर्षीय आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने जिला अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। घटना सामने आने के बाद शिक्षा और छात्रावास प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार छात्रा गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम परसामऊ की रहने वाली है और जिला शिक्षा केंद्र के अधीन संचालित छात्रावास में अध्ययनरत थी। छात्रावास वार्डन और एएनएम द्वारा समय रहते गर्भावस्था की जानकारी न मिलने पर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं।
डीपीसी जीपी बर्मन ने लापरवाही स्वीकार करते हुए बताया कि छात्रा अधिकांश समय घर पर रहती थी। पुलिस बयान में छात्रा ने गांव के ही एक नाबालिग युवक से संबंध होने की बात कही है।
मामले में छात्रावास अधीक्षिका चैनबती सैयाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल छात्रा और नवजात बच्ची दोनों स्वस्थ हैं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं।













