सिंगरौली पुलिस की सायबर ठगी से बचाव हेतु जन-जागरूकता एडवाइजरी जारी

सिंगरौली। ऑनलाइन और सायबर ठगी की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए जनहित एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन में यह एडवाइजरी लोगों को सायबर अपराधों से सतर्क करने के उद्देश्य से जारी की गई है।
क्या करें
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। बैंक, केवाईसी, ओटीपी, एटीएम पिन या पासवर्ड किसी को भी साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले इनाम, लॉटरी, नौकरी या लोन से जुड़े संदेशों से सावधान रहें। केवल आधिकारिक वेबसाइट और ऐप का ही उपयोग करें तथा ऑनलाइन भुगतान से पहले वेबसाइट का यूआरएल जरूर जांचें। मोबाइल और कंप्यूटर में एंटीवायरस व सिक्योरिटी अपडेट रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
क्या न करें
अनजान लिंक पर क्लिक न करें, स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करें और खुद को बैंक या पुलिस अधिकारी बताने वालों पर विश्वास न करें। जल्द मुनाफे के लालच में किसी तरह का लेन-देन न करें।
ठगी होने पर क्या करें
ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल सतर्कता अपनाने और सायबर अपराध से स्वयं व समाज को सुरक्षित रखने की अपील की है।











