शराब पीकर ट्रक चलाने वालों पर सख़्त कार्रवाई, 7 वाहन जप्त

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री (भापुसे) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस द्वारा 17-18 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि को औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराने ट्रैफिक तिराहा क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। अभियान के दौरान करीब 37 वाहनों की जांच कर चालकों को समझाइश दी गई। जांच में 7 ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके वाहन तत्काल जप्त कर न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस ने बताया कि शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन बिगड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वर्ष 2025 में लगातार की गई सख्त कार्रवाई के चलते जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर सभी दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित कराए जाएंगे, जिसके प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय भेजे जाएंगे। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात सहित सउनि सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला, आरक्षक प्रवेश, आरक्षक रवी एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।













