मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी में राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, यूपी से आ रहे अवैध धान से लदे 2 ट्रैक्टर जप्त

सिंगरौली- समर्थन मूल्य पर धान की खरीद में गड़बड़ी रोकने के लिए चितरंगी राजस्व विभाग ने बीती रात बड़ी और सख़्त कार्रवाई की। बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे उत्तर प्रदेश की सीमा से मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रहे अवैध धान से लदे दो ट्रैक्टरों को घेराबंदी कर जप्त किया गया। ट्रैक्टरों में लगभग 75 क्विंटल धान लदी हुई पाई गई।

सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से यह शिकायत मिल रही थी कि कुछ बिचौलिए उत्तर प्रदेश से कम दामों पर धान खरीदकर मध्य प्रदेश की सरकारी समितियों में ऊंचे समर्थन मूल्य पर खपाने का गोरखधंधा कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर एसडीएम सौरभ मिश्रा के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने देर रात सीमावर्ती क्षेत्र में दबिश दी और अवैध परिवहन को पकड़ा।जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों द्वारा धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद दोनों वाहनों को धान सहित जप्त कर लिया गया।

 

फिलहाल जप्त ट्रैक्टरों और धान के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि यह धान किन समितियों में खपाने की तैयारी थी।इस कार्रवाई में तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रसाद साकेत, पटवारी रमाशंकर बैस, बृजेश शिल्पी, यशवंत आर्मो, संजय बियार, रामलाल सिंह, धीरेंद्र नागवंशी एवं वाहन चालक श्रवण बैस की प्रमुख भूमिका रही। राजस्व विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध धान परिवहन और समर्थन मूल्य में घोटाले पर आगे भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button