समय पर फर्स्ट एड बना जीवन रक्षा का मजबूत हथियार
रेडक्रॉस का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफल

सिंगरौली। समय पर फर्स्ट एड, जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा संदेश को सार्थक करते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली से संबद्ध सेंट जॉन एम्बुलेंस इंडिया द्वारा प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम रेडक्रॉस चेयरमैन श्री एस.डी. सिंह के निर्देशन एवं सचिव डॉ. ओ.पी. राय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण फर्स्ट एड ट्रेनिंग ऑफिसर डॉ. सुशील सिंह चंदेल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, कर्मचारियों और युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित व सही सहायता के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, बेहोशी, जलने, सर्पदंश एवं कीट काटने जैसी स्थितियों में प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही सीपीआर, चोकिंग की स्थिति में जीवन रक्षक उपाय, अधिक रक्तस्राव रोकने की तकनीक और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थानांतरण के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। डॉ. सुशील सिंह चंदेल ने कहा कि फर्स्ट एड का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए जरूरी है, क्योंकि चिकित्सकीय सहायता से पहले दी गई सही मदद कई जिंदगियां बचा सकती है।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। आयोजन में श्री जय प्रकाश दुबे का विशेष सहयोग रहा।













