एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 में मुकाबले रोमांचक, खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

सिंगरौली। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की दूधीचुआ परियोजना में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 अपने रोमांचक दौर में पहुंच गई है। लीग कम नॉकआउट आधार पर आयोजित यह प्रतियोगिता 22 दिसम्बर 2025 तक चलेगी, जिसमें एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों की कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खड़िया क्षेत्र और जयंत क्षेत्र के बीच कड़े मुकाबले में खड़िया क्षेत्र ने जीत दर्ज की। वहीं बीना परियोजना और सीडबल्यूएस के बीच खेले गए मैच में बीना परियोजना ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीडबल्यूएस को पराजित किया।
तीसरे दिन दूधीचुआ क्षेत्र और कृष्णशिला के बीच हुए मुकाबले में दूधीचुआ क्षेत्र विजेता रहा, जबकि मुख्यालय और ककरी क्षेत्र के बीच खेले गए मैच में मुख्यालय टीम ने बाजी मारी।
चौथे दिन अमलोरी क्षेत्र ने खड़िया क्षेत्र को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं निगाही और सीडबल्यूएस क्षेत्र के बीच हुए मुकाबले में निगाही क्षेत्र ने दमदार प्रदर्शन कर जीत अपने नाम की।
शुक्रवार को ब्लॉक-बी और दूधीचुआ के बीच खेले गए रोमांचक मैच में ब्लॉक-बी क्षेत्र विजयी रहा। इसके अलावा मुख्यालय और झिंगुरदा क्षेत्र के बीच हुए मुकाबले में भी मुख्यालय टीम ने जीत दर्ज की।उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 दिसम्बर को हुआ था, जिसमें पहला मैच ब्लॉक-बी और कृष्णशिला के बीच खेला गया था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक खेल दर्शकों को खूब आकर्षित कर रहा है।













