एनसीएल की महिला कर्मियों ने ‘पंख प्रसार कार्यक्रम में दिखाया जोश और जज्बा

सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा गुरुवार को सिंगरौली स्टेडियम में पंख प्रसार हौसलों की उड़ान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मियों की छिपी हुई प्रतिभा, आत्मविश्वास और शारीरिक-मानसिक क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिला कर्मियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें जुम्बा, ब्लास्ट द बलून, सेव द बलून, थ्री लेग रेस, रस्सा कस्सी, बोरा दौड़, पिचर रेस, रिले दौड़, लॉन्ग जंप एवं शॉट पुट जैसी रोचक प्रतिस्पर्धाएं शामिल रहीं।
‘पंख प्रसार कार्यक्रम में एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों से आई महिला कर्मियों को चार टीमों में विभाजित किया गया। कुल 10 खेलों में 184 महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।समापन समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश त्रिवेदी सहित जेसीसी सदस्य, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिला कर्मी उपस्थित रहीं। श्री त्रिवेदी ने कहा कि खेलकूद को दैनिक जीवन में शामिल करने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।ओवरऑल चैंपियनशिप में टीम एम.सी. मेरी कॉम विजेता रही, जबकि टीम पी.वी. सिंधु उपविजेता बनी। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।













