असम में बड़ा ट्रेन हादसा: हाथियों से टकराई राजधानी एक्सप्रेस, कई डिब्बे पटरी से उतरे

गुवाहाटी। असम में शनिवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। ट्रेन नंबर 20507 डाउन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। यह दुर्घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग डिवीजन अंतर्गत जमुनामुख–कंपुर सेक्शन में सुबह करीब 2:17 बजे हुई, जिसमें ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लोको पायलट ने ट्रैक पर हाथियों का झुंड देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर को टाला नहीं जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को अन्य डिब्बों में उपलब्ध खाली बर्थ पर शिफ्ट कर दिया गया।
पटरी से उतरे डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी के लिए रवाना किया गया। गुवाहाटी पहुंचने पर अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे और इसके बाद ट्रेन अपनी आगे की यात्रा जारी रखेगी।
इस हादसे में हाथियों को भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों और वन विभाग के अनुसार, झुंड के 7 से 8 हाथियों की मौत हुई है, जबकि एक के घायल होने की सूचना है। घटनास्थल गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर स्थित है।
हादसे के बाद ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों की रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है और कुछ ट्रेनों का संचालन अप लाइन से किया जा रहा है। राहत एवं मरम्मत कार्य के लिए रेस्क्यू और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेनें मौके पर पहुंच चुकी हैं।
एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और ट्रैक बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर असम में रेल ट्रैक और वन्यजीवों के टकराव की गंभीर समस्या को उजागर करती है।













