
चुरहट विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरेंगे अरुण द्विवेदी,विंध्य पुननिर्माण पार्टी से चुनाव में उतरेंगे आरएसएस के पूर्व प्रचारक।
सीधी
जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र से आरएसएस के पूर्व प्रचारक अरुण द्विवेदी चुनाव मैदान में उतरेंगे। वे विंध्य पुननिर्माण पार्टी से चुनाव मैदान में उतरकर दम-खम दिखाएंगे। इसके लिए उनके कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र में जन संपर्क भी शुरू किया जा रहा है। समाजसेवा के कार्यों को लेकर अरुण द्विवेदी की लोकप्रियता चुरहट क्षेत्र में रही है। बताते चलें कि तहसील रामपुर नैकिन के ग्राम झांझ निवासी अरुण द्विवेदी की पृष्ठभूमि आरएसएस से जुड़ी हुई थी। वर्ष 1996 में उनके द्वारा संघ कार्यालय सीधी शाखा में जाना प्रारंभ किया गया। इसके बाद वर्ष 2004 में प्रथम वर्ग से प्रचारक के रूप में कार्य शुरू कर दिया। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में उनके द्वारा संघ प्रचारक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया गया। बाद में वर्ष 2012-15 तक भारतीय किसान संघ में संभागीय संगठन मंत्री के रूप में रीवा संभाग तथा बाद में ग्वालियर तथा चंबल संभाग में संगठन मंत्री रहते हुए किसानों के हित की लड़ाई लड़ते रहे। चुरहट विधानसभा क्षेत्र में समाजसेवी अरुण द्विवेदी की सक्रियता वर्ष 2018 से ज्यादा शुरू हुई। रामपुर नैकिन आगमन के बाद विंध्य पुनरोत्थान संघ नामक संगठन का निर्माण करने के साथ विभिन्न जिलों तथा विधानसभा स्तर के सामाजिक, सांस्कृतिक तथा रचनात्मक कार्यों का आयोजन करते रहे। 2018 में ही वर्ष प्रतिपदा में मोटरसायकल रैली रामपुर नैकिन में निकालकर किसानों की समस्या के निराकरण के लिए कृषक महासम्मेलन किया गया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र जीवनरेखा सोनभद्र के सफाई के अभियान का आगाज किया गया और 6 स्थानों में वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्री द्विवेदी के चुनाव मैदान में उतरने से निश्चित ही इस बार चुरहट विधानसभा क्षेत्र का चुनाव कई मायनों में काफी रोमांचक रहेगा। उनके मैदान में आने से ऐसा माना जाता है कि भाजपा को ज्यादा नुकसान हो सकता है।