मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल में नई श्रम संहिताओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 14 जनवरी 2026 को नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और अन्य हितधारकों को श्रम कानूनों में हुए हालिया बदलावों की जानकारी देना था। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) जबलपुर सुनील शर्मा ने किया, जबकि श्रम प्रवर्तन अधिकारी सतना अग्निमित्र बाजपेयी ने प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी दी।

कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित हुआ। पहले चरण में शहनाई हॉल में संविदा श्रमिकों और ठेकेदारों के लिए सत्र हुआ, जबकि दूसरे चरण में प्रशासनिक भवन में वरिष्ठ प्रबंधन और अभियंताओं के लिए संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसमें नई श्रम संहिताओं के तहत संविदा श्रमिकों को मिलने वाले लाभों, अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सहित एनटीपीसी विंध्याचल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों ने किया। यह पहल पारदर्शी औद्योगिक संबंधों और श्रमिक कल्याण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Author

Related Articles

Back to top button