बरगवां थाने के एएसआई इंद्रलाल मांझी को ब्रेन हेमरेज, हालत गंभीर

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) इंद्रलाल मांझी को बुधवार सुबह अचानक ब्रेन हेमरेज हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी मोहम्मद समीर वारसी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे एएसआई इंद्रलाल मांझी कपड़े धो रहे थे, इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे वहीं गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जांच में डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की है।
रीवा मेडिकल कॉलेज में उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सूचना मिलते ही उनके परिजन भी रीवा पहुंच गए हैं। आरक्षक अरविंद यादव उनके साथ रहकर इलाज की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार जानकारी दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बेहतर उपचार और मस्तिष्क की सर्जरी के लिए उन्हें आगे वाराणसी ले जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस विभाग के अधिकारी भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।













