सेवा सहकारी मर्या बैक बैढ़न के सभागार में मनाया गया उपभोक्ता दिवस

सिंगरौली- विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सेवा सहकारी मर्या. बैक बैढ़न के सभागार में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री पीसी चन्द्रवंशी एवं उपायुक्त सहकारिता पी.के मिश्रा के उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियो द्वारा उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। व्यापारियों से उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने और पारदर्शिता बनाए रखने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ता शिकायतों का निपटान अब अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर न्याय मिल रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग ठगी, मिलावट और धोखाधड़ी से बच सकें। उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, उचित मूल्य और सही जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। इस अवसर पर वरिष्ट समाजसेवी अधिवक्ता अवनीश दुबे सहित विभागीय अधिकारी उपभोक्त एवं व्यापारी गण उपस्थित रहे।













