ग्राम पंचायत चटनिहा में भ्रष्टाचार के आरोप, मजदूरों की मजदूरी अटकी
घटिया निर्माण से चेक डैम की गुणवत्ता पर सवाल

सिंगरौली/देवसर।देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चटनिहा में निर्माणाधीन चेक डैम इन दिनों ग्रामीण विकास की बजाय विवादों का केंद्र बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कई दिनों से काम कर रहे मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं दी गई, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार चेक डैम के निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। मौके पर बड़े-बड़े अनियमित और बिना तराशे पत्थरों से जैसे-तैसे निर्माण किया जा रहा है, जिससे डैम की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो यह संरचना कुछ वर्षों में ही क्षतिग्रस्त हो सकती है।मामले को लेकर ग्रामीणों ने देवसर जनपद के संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उपयंत्री और संबंधित इंजीनियरों द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा, जिससे ठेकेदार और पंचायत को मनमानी करने का अवसर मिल रहा है।ग्रामीणों ने मांग की है कि चेक डैम निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, मजदूरों की लंबित मजदूरी का तत्काल भुगतान कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और क्या जनता के धन से बन रही इस योजना की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।













