पंचायत सचिव पर गिरी गाज, वित्तीय अनियमितता के आरोप में अटैच

सिंगरौली-जिला पंचायत सिंगरौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जगदीश कुमार गोमे ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बखुल के सचिव रमेशचंद्र जायसवाल को उनके पद से हटा दिया है। यह कदम गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को प्राप्त शिकायत में पंचायत सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। 31 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के तहत सचिव रमेशचंद्र जायसवाल को उनके पद से हटाकर जिला पंचायत कार्यालय सिंगरौली में अटैच किया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि सचिव को उनके मूल कार्यक्षेत्र से हटाने का उद्देश्य जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संचालित करना है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है। जांच पूरी होने तक सचिव को जिला पंचायत मुख्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।इसके अलावा, सचिव को ग्राम पंचायत से संबंधित सभी अभिलेख और दस्तावेज ग्राम रोजगार सहायक को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच में किसी भी प्रकार की रुकावट न आए।यह कार्रवाई प्रशासन की भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी नीति को दर्शाती है, और इसे पंचायत कर्मचारियों के बीच सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।













