तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, तीन युवकों की डूबकर मौत
क्रिकेट खेलकर लौटते समय हुआ हादसा, चार लोगों को पुलिस ने कांच तोड़कर बचाया

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवकों को पुलिस जवानों ने समय रहते रेस्क्यू कर बचा लिया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपुर इलाके में उस समय हुआ, जब एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक क्रिकेट खेलकर शनिवार रात कालीपुर से जगदलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। आसपास मौजूद लोगों ने जब तालाब में डूबती गाड़ी को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए वाहन का शीशा तोड़कर चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, तीन युवक पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष नेवर (41), शेखर (33) और भावेश नागे (38) के रूप में हुई है, जो सभी जगदलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शवों को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।













