अवैध पिस्टल लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार,मोजे में छिपाकर रखी थी पिस्टल…

अवैध पिस्टल लेकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार,मोजे में छिपाकर रखी थी पिस्टल…
सीधी
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अमहा-पडरा रोड पर अवैध पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर इलाके में भय व्याप्त करने के उसके इरादों को नाकाम कर दिया है।
थाना प्रभारी कोतवाली को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि अमहा-पडरा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार (पिस्टल) लेकर घूम रहा है और लोगों में भय पैदा कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान नीरज सोनी पिता दुर्योधन सोनी (उम्र 25 वर्ष), निवासी पुरानी सीधी के रूप में हुई है।
संदेह के आधार पर जब आरोपी की जामा तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। आरोपी ने दाहिने पैर के मोजे के अंदर एक पिस्टल छिपाकर रखी थी। वैध दस्तावेज/लाइसेंस न होने के कारण पुलिस ने पिस्टल को विधिवत जब्त कर लिया।
आरोपी नीरज सोनी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया औ न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।













