ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

BJP मंडल अध्यक्ष के भतीजे की चाकू मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना तहसील के ग्राम बसाहरी में खिमलासा भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।मृतक की पहचान प्रमोद पिता जगतसिंह राजपूत (27 वर्ष), निवासी बसाहरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 5 दिसंबर की रात प्रमोद अपने दोस्त राहुल के साथ परिवार के सदस्य गोलू की क्रेशर साइट पर गया था। वहां कुछ अज्ञात युवक पहले से मौजूद थे, जिन्हें प्रमोद ने वहां से जाने के लिए कहा था।

रात करीब 11 बजे जब प्रमोद वापस घर लौट रहा था, तभी खिमलासा रोड पर उसे फिर वही युवक खड़े मिले। उनसे वहां खड़े होने का कारण पूछने पर विवाद हुआ, जिसके बाद एक अज्ञात युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के समय पीछे से आ रहे राहुल और गोलू उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button