बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की कलेक्टर ने की समीक्षा

दो दिवस में रैंकिंग में सुधार लाएं अधिकारी : कलेक्टर

100 एवं 200 दिवस से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर करें निराकरण

सिंगरौली । कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में तेजी लाते हुए आगामी दो दिवस में जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखते हैं। अतः प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में उनका संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विभाग की कोई भी शिकायत अनअटेंड नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का अवलोकन करें तथा अपने विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों को लंबित रखने अथवा समय पर अटेंड नहीं करने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी के स्तर पर शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने विशेष रूप से 100 दिवस एवं 200 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित शिकायतों का परीक्षण कर उनमें आ रही समस्याओं एवं निराकरण में होने वाली बाधाओं को चिन्हित करें तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। ऐसी शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाए।
उन्होंने मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पेयजल, साफ-सफाई, सड़क, विद्युत तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क स्थापित करें और शिकायत में उल्लेखित स्थल पर तत्काल पहुंचकर निरीक्षण करें। मौके पर वस्तुस्थिति का परीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल ऑनलाइन जवाब दर्ज करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ निराकरण करें। शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके और जिले की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार हो।

Author

Related Articles

Back to top button