समग्र आईडी में जीवित व्यक्ति को मृत घोषित करने का गंभीर मामला, उपखण्ड अधिकारी से शिकायत

सिंगरौली- ग्राम पंचायत खटाई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक जीवित व्यक्ति को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया। खटाई निवासी विश्वनाथ द्विवेदी ने उपखण्ड अधिकारी चितरंगी को आवेदन देकर अपनी समग्र आईडी में दर्ज मृत्यु की गलत प्रविष्टि को निरस्त करने की मांग की है।
विश्वनाथ द्विवेदी के अनुसार, उनकी समग्र आईडी (क्रमांक 39213231, सदस्य आईडी 176446773) में 4 जुलाई 2018 को उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जबकि वे पूरी तरह से जीवित हैं। उनका आरोप है कि ग्राम पंचायत के तत्कालीन सचिव और रोजगार सहायक द्वारा यह गलती की गई है, जिसके कारण वे पिछले पांच वर्षों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गए हैं।विश्वनाथ द्विवेदी ने अपनी शिकायत में कहा कि वह बार-बार सचिव और रोजगार सहायक के पास गए, लेकिन उन्हें सिर्फ झूठे आश्वासन ही मिले।
उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि उनकी मृत्यु के नाम पर अंत्येष्टि सहायता राशि का आहरण किया गया हो, जिसकी निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।उपखण्ड अधिकारी से की गई अपनी शिकायत में उन्होंने यह भी मांग की है कि उनकी समग्र आईडी में की गई मृत्यु की गलत प्रविष्टि को तुरंत सुधारा जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार सचिव और ग्राम रोजगार सहायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।यह मामला अब प्रशासनिक स्तर पर कई सवाल खड़े कर रहा है, विशेष रूप से यह सवाल कि कैसे ग्राम पंचायत स्तर पर इतनी बड़ी लापरवाही हुई और समग्र आईडी जैसे संवेदनशील दस्तावेज़ में इतनी गंभीर गलती की गई। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह वित्तीय अनियमितता और प्रशासनिक चूक का बड़ा मामला बन सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में कितनी शीघ्रता और सख्ती से कार्रवाई करता है।













