माड़ा वन परिक्षेत्र में अवैध सागौन तस्करी पर शिकंजा, आरोपी बाइक छोड़कर फरार

सिंगरौली।माड़ा वन परिक्षेत्र में वन विभाग की रात्रिकालीन गश्त के दौरान अवैध लकड़ी तस्करी का एक मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देश पर गठित विशेष गश्ती दल ने धरी बीट क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल से अवैध रूप से ले जाई जा रही सागौन की लकड़ी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 12 जनवरी 2026 की रात उड़नदस्ता वाहन से परिक्षेत्र सहायक माड़ा, परिक्षेत्र सहायक लांघडोल तथा छतौली, मथनी और वाणी झिरिया बीट के गार्डों की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इसी दौरान रात करीब 2 बजे धरी स्कूल मेन रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। जब गश्ती दल ने उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
जांच करने पर मोटरसाइकिल में साल (सागौन) लकड़ी के 5 चिरान लदे पाए गए। वाहन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अरविंद कुमार वैश्य, निवासी मिथुल, थाना माड़ा के रूप में हुई है।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 की धारा 5(ग) एवं 15 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1)(क) के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है।वन अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वन विभाग ने अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।













