जेपी पावर निगरी में नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित, 140 लोगों की हुई जांच

सिंगरौली। जयप्रकाश पावर वेन्चर्स लिमिटेड, निगरी द्वारा वर्ष 2026 के सीएसआर कार्यक्रम के तहत 4 फरवरी को कंपनी चिकित्सालय परिसर में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के वरिष्ठ चिकित्सकों के सहयोग से किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
शिविर की जानकारी क्षेत्र के निगरी, कटई, निवास, महुआगांव, पापल, छमरछ, दियाडोल, जोवा, हर्दी सहित अन्य गांवों में पम्पलेट वितरण और जनसंपर्क के माध्यम से दी गई थी। शिविर से पूर्व रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू की गई, जिसमें 140 लोगों ने पंजीयन कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एम.वी.आर. रेड्डी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) एस.के. पाणिग्रही, ए.के. श्रीवास्तव, यतीन्द्र खरे, डॉ. ए.के. राय तथा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के डॉ. अमित कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम द्वारा मां सरस्वती एवं संस्थापक सद्गुरु सेवा संस्थान के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।शिविर में पहुंचे सभी 140 लोगों की आंखों की जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाइयां व चश्मे की सलाह दी गई। जांच के दौरान 37 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, जिन्हें ऑपरेशन और उच्च गुणवत्ता के लेंस प्रत्यारोपण के लिए सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट भेजा गया।
कंपनी द्वारा चयनित मरीजों के साथ सहयोगी और चिकित्सालय स्टाफ को भी देखरेख के लिए भेजा गया है। ऑपरेशन के बाद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और पुन: जांच की सुविधा कंपनी चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर के सफल संचालन में कंपनी के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।













