देश के बड़े शहर जहरीली हवा की चपेट में; राहुल गांधी बोले– प्रदूषण रोकने सरकार ठोस प्लान बनाए

नई दिल्ली। देश के कई बड़े शहर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में हैं, जिसे लेकर शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली समेत देश के अधिकांश महानगर जहरीली हवा में घिर चुके हैं। लाखों बच्चे फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे हैं, कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं और जनता स्वास्थ्य संकट का सामना कर रही है। ऐसे में सभी दलों को मिलकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक या वैचारिक मुद्दा नहीं है, बल्कि जनता के जीवन से जुड़ा सवाल है। उन्होंने सदन से अपील की कि यह चर्चा इस बात पर न हो कि किसने क्या नहीं किया, बल्कि इस पर केंद्रित हो कि आगे देश की जनता के लिए क्या कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर हर सदस्य की सहमति है और मिलकर ही समाधान संभव है।
इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पहले दिन से ही इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष समेत सभी पक्षों से सुझाव लेने के लिए तैयार है और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर व्यापक विचार-विमर्श का स्वागत करती है।देश में लगातार गिरती वायु गुणवत्ता ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और नागरिकों की चिंताएँ बढ़ा दी हैं, ऐसे में संसद में यह चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।













