मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिले में बोर्ड परीक्षा निर्विध्न,निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित कराएँ सम्पन्नः – सी.ई.ओ. जिला पंचायत

बोर्ड परीक्षा के केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष की बैठक में दिए निर्देश

सिंगरौली – जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश कुमार गोमे ने जिला पंचायत सभागार में बोर्ड परीक्षा के संबंध में केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में उन्होने कहा कि सभी केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष माध्यमिक शिक्षा मण्डल म०प्र० भोपाल के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा निर्विध्न, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न कराएँ।

उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस हेतु सभी परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएँ, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करे। उन्होने निर्देश दिए कि मोबाइल इत्यादि के संबंध में मण्डल के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। किसी प्रकार की अनुशासनहीनता व अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। उन्होने कहा कि परीक्षा प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक बोर्ड परीक्षा के सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सी.ई. ओ. जिला पंचायत ने कहा कि मा०शि०म० द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केन्द्र पर नकल की घटना होने या परीक्षा की विश्वसनीयता एवं गोपनीयता भंग होने तथा अव्यवस्था फैलने की दशा में संबंधित केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष पर शासन के नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। उन्होने अधिकारियों से गोपनीय परीक्षा सामग्री तथा प्रश्न – पत्र के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होने कहा कि परीक्षा में आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु कन्ट्रोल रूम स्थापित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की डयुटी इसमें लगाई जाए जिसमें परीक्षा केन्द्र में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा सके। जिले में कुल 43 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है जिसमें 10वीं के 14311 तथा 12वीं के 10074 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा सामग्री का वितरण आज 6 फरवरी को शासकीय उत्कृष्ट उ०मा०वि० बैढन से किया जा रहा है उक्त सामग्री का वितरण मा. शि. मण्डल म०प्र० भोपाल से नियुक्त प्रतिनिधि की उपस्थिति व देख रेख में किया गया। परीक्षा सामग्री विशेष वाहन से पुलिस बल की मौजूदगी में संबंधित पुलिस थानों चौकी में सुरक्षित रखी जावेगी ।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस. बी. सिंह, सहायक संचालक श्रीमती कविता त्रिपाठी, जिला व्यावसायिक समन्वयक श्री मान सिंह, योजना अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र बहादुर सिंह, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री सर्वेश कुमार द्विवेदी व परीक्षा प्रभारी श्री नरेश सिंह एवं परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष उपस्थित रहे ।

Author

Related Articles

Back to top button