वसंत पंचमी 23 को, श्रद्धा और उल्लास के साथ होगा पर्व का आयोजन

सिंगरौली। माघ शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि, शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को वसंत पंचमी का पर्व जिले भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्या, बुद्धि और वाणी की देवी मां सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। विद्यालयों, मंदिरों और घरों में सरस्वती पूजन, वाणी-पूजन और हवन आदि धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
शिवधाम मंदिर वैढ़न के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन. पी. मिश्र ने बताया कि वसंत पंचमी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस दिन मां सरस्वती के साथ भगवान शिव की पूजा का भी विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि इस दिन मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था और उनकी आराधना से ज्ञान, विवेक और स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है। वहीं शिव उपासना से मानसिक शांति और आत्मिक बल प्राप्त होता है।वसंत पंचमी के साथ वसंत ऋतु का आगमन माना जाता है। खेतों में सरसों के पीले फूल खिल उठते हैं और वातावरण में नई ऊर्जा का संचार होता है। पीले रंग को इस दिन शुभ माना गया है। लोग पीले वस्त्र धारण करते हैं और मंदिरों में पीले फूल अर्पित करते हैं।जिले के शिवालयों और देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जाएगी। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।













