मध्य प्रदेशसिंगरौली

सरई बाजार में अतिक्रमण हटाने प्रशासन की निर्णायक पहल, नियमों का पालन सुनिश्चित

सिंगरौली। नगर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम यातायात योग्य बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने बुधवार को सरई बाजार में व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। इस अभियान का नेतृत्व देवसर एसडीओपी गायत्री तिवारी, नगर परिषद सीएमओ सुरेंद्र सिंह उईके, प्रभारी थाना प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में नगर परिषद और पुलिस बल ने किया।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाया गया और दुकानदारों को केवल निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान लगाने की स्पष्ट हिदायत दी गई। सब्जी एवं फल विक्रेताओं को नगर परिषद की सब्जी मंडी में ही दुकान संचालित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित न हो। ऑटो चालकों को भी निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्क करने और बस संचालकों को बस स्टैंड परिसर में ही बसें खड़ी करने की चेतावनी दी गई।

उल्लेखनीय है कि पंद्रह दिन पूर्व नगर परिषद द्वारा दुकानों की सीमा तय कर चूना लगाकर पूर्व सूचना दी गई थी। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी किए जाने पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि नगरहित में है और नियमों का पालन न करने पर भविष्य में दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद कर सहयोग की अपील की और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। इस पहल से सरई बाजार में व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण बहाल होने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक दिलराज सिंह, कमलेश प्रजापति, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र यादव, रामनरेश प्रजापति, उपयंत्री बलराम कुशवाहा, विजय जायसवाल, विनोद साहू, भगोलै साकेत, आनंद सिंह, अखिलेश गुप्ता, विनय साकेत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button