चारधाम यात्रा 2026: 11 दिन पहले शुरू होगी यात्रा, 19 अप्रैल को खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट

नई दिल्ली।विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। वर्ष 2026 में चारधाम यात्रा पिछले साल की तुलना में 11 दिन पहले शुरू होने जा रही है। यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा।गौरतलब है कि वर्ष 2025 में चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को हुई थी, लेकिन इस बार शुभ तिथियों के संयोग के कारण यात्रा पहले ही आरंभ हो रही है।
श्रद्धालुओं और पर्यटन कारोबार को मिलेगा लाभ
यात्रा अवधि बढ़ने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड के स्थानीय पर्यटन व्यवसाय—होटल, टैक्सी, घोड़ा-खच्चर संचालक और अन्य व्यापारियों—को भी आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि अतिरिक्त 11 दिनों से पर्यटन कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
अक्षय तृतीया का धार्मिक महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार, वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया कहा जाता है। ‘अक्षय’ का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो। शास्त्रों में इस दिन किए गए दान-पुण्य को अनंत फल देने वाला बताया गया है। मान्यता है कि इसी दिन सतयुग और त्रेतायुग का आरंभ हुआ था। इसी कारण चारधाम यात्रा और बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने के लिए यह तिथि अत्यंत शुभ मानी जाती है।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश में चारधाम यात्रा की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा कर ली है। सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और यात्रियों के पंजीकरण को लेकर विस्तृत योजना बनाई जा रही है। जल्द ही मुख्य सचिव स्तर पर अंतिम समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।













