देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चित्रकूट धाम में बंदरों की रहस्यमयी मौत, इलाके में सनसनी

कुशवाहा बस्ती के पास मिले करीब 50 बंदरों के शव, करंट से मौत की आशंका

चित्रकूट। मध्य प्रदेश के धार्मिक नगरी चित्रकूट धाम में अचानक बड़ी संख्या में बंदरों की मौत से हड़कंप मच गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर चौकी के कुशवाहा बस्ती के पास बंदर मृत अवस्था में पड़े मिलने से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर करीब आधा सैकड़ा बंदरों की मौत हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंदरों की मौत करंट लगने के कारण हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

वन विभाग की टीम ने सभी मृत बंदरों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यदि यह मामला लापरवाही या किसी तकनीकी खामी से जुड़ा पाया गया, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि चित्रकूट में बंदरों की बड़ी आबादी है और उन्हें धार्मिक आस्था से भी जोड़ा जाता है। ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बंदरों की मौत से आमजन में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button