बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

करेली में चोरी के साथ धमकी, दुकान में मिली आपत्तिजनक चिट्ठी

3–4 दुकानों के ताले टूटे, नकदी चोरी; धमकी भरे संदेश से इलाके में तनाव

नरसिंहपुर। जिले के करेली नगर में शनिवार 17 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने तीन से चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। इस घटना में चोरी से अधिक सनसनीखेज पहलू यह रहा कि एक दुकान के भीतर चोरों द्वारा छोड़ी गई एक धमकी भरी चिट्ठी मिली, जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया है।

चिट्ठी में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए लिखा गया था—“भाईजान से पंगा लोगे तो अंजाम बुरा होगा” और “तुम हिंदू हो, हिंदू जैसे रहो।” इस संदेश के सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

पीड़ित दुकानदार प्रदीप साहू ने बताया कि उनकी दुकान के ताले तोड़कर दराज में रखे करीब 10 से 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। उन्होंने कहा कि आर्थिक नुकसान से अधिक चिंता का विषय धमकी भरा पत्र है, जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और प्रशासन को चुनौती देने जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरी के साथ किसी विशेष व्यक्ति या दुकान को डराने का उद्देश्य हो सकता है। पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।

Author

Related Articles

Back to top button