अरविंद केजरीवाल और बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देकर 7 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर फोन और व्हाट्सएप संदेश भेजकर धमकी दी। मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने फोन करने के साथ व्हाट्सएप पर लिखित संदेश भी भेजा। इसमें 7 करोड़ रुपए नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम कथित तौर पर ‘एच’ दिखाई दे रहा था।
विधायक को बनाया संदेश पहुंचाने का माध्यम
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने विधायक की जनप्रतिनिधि के रूप में भूमिका का इस्तेमाल करते हुए रंगदारी की मांग और धमकी केजरीवाल तक पहुंचाने की कोशिश की। जरनैल सिंह ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस को व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है।
6 नवंबर को दी गई थी शिकायत
विधायक ने 6 नवंबर 2026 को मोहाली के एसएसपी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
विधायक ने पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कर आरोपी तथा उसके संभावित साथियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और कथित गैंग से उसके संबंधों की जांच की जा रही है।













