गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, नोएडा की आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन समेत परिवार के 4 सदस्यों की मौत

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बुधवार दोपहर गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भीषण हादसे में नोएडा की एक आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और दोनों बेटों की मौत हो गई। परिवार भाई दूज और छठ पूजा मनाने के लिए नोएडा से प्रयागराज जा रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर तक घिसटी कार
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी सौरभ उपाध्याय बुधवार को अपनी पत्नी मेनका (35), बेटे व्योम (7) और डेढ़ साल के शिवोम के साथ एक्सयूवी कार से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 30 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और बड़े बेटे व्योम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटा बेटा शिवोम कार का शीशा टूटने से उछलकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही साण्डी, बिलग्राम और हरपालपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
सीओ राम सूरत सोनकर के मुताबिक, 11 नवंबर को गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के कारण एक्सयूवी दुर्घटनाग्रस्त हुई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













