नीमच में 3,000 रुपए की रिश्वत लेते होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट गिरफ्तार, लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा

नीमच। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उज्जैन लोकायुक्त पुलिस की टीम ने नीमच जिले के होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोप है कि कमांडेंट आरटीओ बैरियर नयागांव पर ड्यूटी लगाने के एवज में होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा से हर महीने रिश्वत मांग रहे थे।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के बदले 3,000 रुपए प्रतिमाह की मांग कर रहे हैं।
शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने शिकायत का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने गुरुवार को नीमच के कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान जैसे ही सैनिक महेश थोरेचा से 3,000 रुपए की कथित रिश्वत ली गई, लोकायुक्त टीम ने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। मामले में लोकायुक्त पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।













