देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अरुणाचल प्रदेश के पारसी-पारलो में भीषण आग, एक परिवार के 4 लोगों की मौत; 24 घर जलकर राख

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के पारसी-पारलो कस्बे में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके 3 नाबालिग बच्चे शामिल हैं। आग की चपेट में आकर कम से कम 24 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें 19 पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 5 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

डिप्टी कमिश्नर चीचुंग चुखू के अनुसार, मृतकों में महिला के 2 बेटे और 1 बेटी शामिल हैं। महिला का पति अभी लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि लापता व्यक्ति का पता चलने के बाद मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

तड़के 2:30 बजे लगी आग

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, आग गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे लगी और देखते ही देखते आसपास के मकानों तक फैल गई। शुरुआती जानकारी में आग रसोईघर से शुरू होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रशासन ने कहा है कि आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।

फायर स्टेशन नहीं होने से राहत कार्य प्रभावित

घटना की सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की। पारसी-पारलो में अग्निशमन केंद्र नहीं है। करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में तैनात दमकल वाहन भी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके कारण आग पर काबू पाने के प्रयासों में बाधा आई।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की स्थिति और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button