देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पीएम मोदी बोले- न्यूज रूम में कुछ भी असंभव नहीं, 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य

 

नई दिल्ली। भाजपा कार्यालय में गुरुवार को आयोजित दिवाली मिलन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने पत्रकारिता की बदलती दुनिया, न्यूज रूम की कार्यशैली, फील्ड रिपोर्टरों के साहस और देश के सामने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर अपने विचार रखे। प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूज और न्यूज रूम की दुनिया की खासियत है कि वहां कुछ भी असंभव नहीं माना जाता।

मोदी ने दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान पत्रकारों का काम लगातार जारी रहता है। ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ के बीच पत्रकारों का इस नॉन-ब्रेकिंग न्यूज कार्यक्रम में पहुंचना उनके लिए खुशी की बात है।

प्रधानमंत्री ने 90 के दशक के शुरुआती दौर को याद करते हुए बताया कि उस समय प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टाग्राम रील तक उन्होंने मीडिया के कामकाज और संवाद के बदलते स्वरूप को करीब से देखा है। उन्होंने 11 अशोक रोड स्थित अपने पुराने कमरे का एक किस्सा भी साझा किया, जब पत्रकारों का एक समूह अचानक वहां पहुंचा और गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर पर उनसे मिठाई खिलाने की मांग की थी।

मोदी ने कहा कि पहले ओवी वैन के जरिए खबरों का प्रसारण होता था, लेकिन अब मोबाइल ही ओवी वैन बन गया है। हर व्यक्ति का अपना प्लेटफॉर्म और चैनल है। पहले गली-गली में क्रिकेट विशेषज्ञ मिलते थे, अब हर खबर पर राय देने वाले लोग मौजूद हैं। उन्होंने लोकतंत्र में अलग-अलग विचारों और मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

फील्ड रिपोर्टरों के साहस की सराहना

प्रधानमंत्री ने कहा कि कहीं हादसा हो, भूकंप आए या बाढ़ की तबाही हो, जब लोग उस जगह से दूर जा रहे होते हैं, तब फील्ड रिपोर्टर कवरेज के लिए वहां पहुंचते हैं। वे अपना जीवन दांव पर लगाकर और परिवार की चिंताओं को पीछे छोड़कर जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने पत्रकारों के इस जज्बे की सराहना की।

2047 देश की डेडलाइन

मोदी ने डेडलाइन को न्यूज रूम की कार्यशैली का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि यह केवल व्यक्ति और संस्थान ही नहीं, बल्कि देश पर भी लागू होती है। भारत के सामने 2047 की डेडलाइन है। आजादी के 100 वर्ष पूरे होने से पहले देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल करना है।

उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास भारत की सफल लैंडिंग, मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों, चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज, सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 12 वर्षों के दौरान 50 गुना से अधिक वृद्धि और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करने जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के आधार पर विकसित भारत का लक्ष्य असंभव नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक इंतजार करने के बजाय छोटे-बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें लगातार पूरा करना होगा। उन्होंने मीडिया से देश की सफलताओं और उपलब्धियों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता देने का आग्रह किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विषयों को बहस और समाचारों में जगह देने की अपील की। उनके मुताबिक, ऐसे प्रयास विकसित भारत के अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button