देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, जगद्गुरु परमहंस आचार्य सहित कई नेताओं ने किया अभिनेत्री का समर्थन

अयोध्या। अभिनेत्री करीना कपूर द्वारा दीपावली के दौरान पहना गया 30 कैरेट पन्ना जड़ा पेंडेंट चर्चा का विषय बन गया है। इसे लेकर राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्र से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भोपाल कांग्रेस के नेता एवं प्रवक्ता अब्बास हफीज ने पेंडेंट पर आपत्ति जताई है, जबकि तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना का समर्थन किया है।

जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत एक संवैधानिक देश है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद के कपड़े पहनने तथा अपने तरीके से जीवन जीने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि देश में क्रूरता और कट्टरपंथ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी को संविधान के दायरे में रहना होगा। यदि कोई कट्टरता या शरिया कानून चलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह करीना कपूर के समर्थक नहीं हैं, लेकिन महिलाओं के पहनावे पर सवाल उठाने और उन्हें कानूनी नोटिस भेजने की प्रवृत्ति का विरोध करते हैं। उनके मुताबिक, महिलाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए और इस तरह के नोटिस भेजने वालों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

शाइना एनसी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने करीना का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता लाइमलाइट में बने रहने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब्बास हफीज को करीना के पहनावे से आपत्ति क्यों है। शाइना ने कहा कि अभिनेत्री ने अपनी विरासत से जुड़ा पेंडेंट पहना है, न कि किसी से चोरी या उधार लेकर।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की अपनी पसंद है कि वह हार, पेंडेंट या ताबीज पहने अथवा नहीं। करीना को इसके लिए माफी मांगने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्होंने कोई गलती नहीं की है।

हिंदू उत्सव समिति भी आई समर्थन में

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने भी अभिनेत्री का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि करीना ने पेंडेंट गले में और हृदय के पास पहना है। पेंडेंट पहनना स्वाभाविक है, क्योंकि इसे इसी उद्देश्य से बनाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि गले में हृदय के पास इसे पहनने से सकारात्मकता बनी रहती है। उनके मुताबिक, यदि पेंडेंट पर आयतें लिखी हैं तो भी इसमें कुछ गलत नहीं है।

तिवारी ने कहा कि करीना भोपाल रियासत के परिवार की बहू हैं और संभव है कि यह उनके परिवार की पुरानी विरासत से जुड़ी वस्तु हो। उन्होंने कहा कि हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच इस मामले में अभिनेत्री के साथ खड़े हैं।

पेंडेंट को लेकर उठे विवाद के बीच सामने आए इन बयानों ने इसे राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बना दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button