बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मुरैना में तेज रफ्तार बस ने एक ही परिवार के 3 लोगों को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत; महिला गंभीर

 

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे स्थित कुल्होली मोड़ पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सबलगढ़ से मुरैना की ओर जा रही एक बस ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के 3 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार की 60 वर्षीय महिला लोहरी बाई कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बामसौली क्षेत्र के नंदापुरा निवासी लोहरी बाई कुशवाह अपने 14 वर्षीय नाती लवकुश कुशवाह के साथ बुधवार दोपहर करीब 1 बजे पंचमपुरा पहाड़गढ़ जाने के लिए कुल्होली मोड़ पहुंची थीं। इसी दौरान उनका 35 वर्षीय बेटा रघुराज कुशवाह भी बाइक से वहां आ गया। परिवार के ही सत्यवीर कुशवाह पानी लेने के लिए सड़क के दूसरी ओर गए हुए थे।

तेज रफ्तार बस ने तीनों को मारी टक्कर

बताया गया कि सत्यवीर के वापस लौटने से पहले ही सबलगढ़ से मुरैना जा रही बस क्रमांक एमपी 06 पी 5277 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े रघुराज, लोहरी बाई और लवकुश को टक्कर मार दी। हादसे में रघुराज की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल लवकुश और लोहरी बाई को कैलारस अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, लवकुश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में लोहरी बाई को ग्वालियर के जेएएच अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद बस पर पथराव

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची सबलगढ़ पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा।

Author

Related Articles

Back to top button