देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

माघ मेला छोड़ काशी रवाना हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

बोले— मन इतना व्यथित कि बिना स्नान किए ही लौट रहा हूं

प्रयागराज। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रयागराज माघ मेला छोड़ दिया है और काशी के लिए रवाना हो गए हैं। बुधवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि उनका मन अत्यंत व्यथित है, इसलिए वे इस बार बिना संगम स्नान किए ही प्रयागराज से विदा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज हमेशा आस्था और शांति की धरती रही है, लेकिन हाल में हुई एक घटना ने उन्हें गहरे रूप से आहत किया है।

शंकराचार्य ने कहा कि वह श्रद्धा और विश्वास के साथ माघ मेले में आए थे, लेकिन जिस घटना का सामना करना पड़ा, उसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। इस घटना से उनके भीतर न्याय और मानवता के प्रति विश्वास को ठेस पहुंची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कहना था, वह कह चुके हैं और अब यहां रुकने का कोई औचित्य नहीं रह गया है।

उन्होंने बताया कि माघ मेला प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक पालकी में संगम ले जाकर स्नान कराने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उन्होंने उसे अस्वीकार कर दिया। शंकराचार्य ने कहा कि जब मन में दुख और पीड़ा हो, तब पवित्र जल भी शांति नहीं दे पाता।

उल्लेखनीय है कि माघ मेला 15 फरवरी तक चलेगा और अब केवल माघी पूर्णिमा व महाशिवरात्रि के स्नान शेष हैं। विवाद के चलते शंकराचार्य 18 दिन पहले ही माघ मेला छोड़ रहे हैं और शेष किसी भी स्नान में शामिल नहीं होंगे।

Author

Related Articles

Back to top button