शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए कैरियर काउंसलिंग आयोजित

सिंगरौली-स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 28 जनवरी 2026 को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य जगजीवन भारती के मार्गदर्शन में किया गया।
कैरियर काउंसलिंग के अंतर्गत आज का विषय पत्रकारिता रहा। इस अवसर पर तहसील चितरंगी में कार्यरत वरिष्ठ एवं शासन द्वारा अधिमान्य पत्रकार रजनीश साहू मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, जिम्मेदारियों एवं आवश्यक गुणों पर विस्तार से जानकारी दी।
रजनीश साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज का चौथा स्तंभ है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनता की आवाज़ को प्रशासन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सच बोलने का साहस, निष्पक्षता और सकारात्मक सोच ही एक सफल पत्रकार की पहचान होती है। जो व्यक्ति सही सोच और ईमानदारी के साथ कार्य करता है, वही इस क्षेत्र में आगे बढ़ता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पत्रकारिता के गुण व्यक्ति के घर से ही विकसित होते हैं, जैसे—सच बोलने की आदत, जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और समाज को समझने की दृष्टि। यही गुण एक अच्छे और जिम्मेदार पत्रकार बनने में सहायक होते हैं।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रुचि लेकर भाग लिया और पत्रकारिता से जुड़े सवाल भी पूछे। विद्यालय परिवार ने इस कैरियर काउंसलिंग को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।













