हैदराबाद में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने दो बच्चों संग मालगाड़ी के सामने कूदकर दी जान

हैदराबाद।शहर के बोडुप्पल इलाके से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। देर रात एक 38 वर्षीय महिला ने अपने दो बच्चों के साथ मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी, जिससे मां और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चारलपल्ली और घटकेसर रेलवे स्टेशनों के बीच रात करीब 2:30 बजे हुई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मालगाड़ी के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव देखे और तुरंत कंट्रोल रूम व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृत महिला की पहचान पिननींटी विजयशांति (38) के रूप में हुई है। उनके साथ जान गंवाने वाले बच्चों में बेटा विशाल रेड्डी, जो इंटरमीडिएट फर्स्ट ईयर का छात्र था, और बेटी चेतना रेड्डी, जो इंटरमीडिएट सेकंड ईयर में पढ़ रही थी, शामिल हैं। तीनों बोडुप्पल क्षेत्र में रहते थे।
जांच में सामने आया है कि विजयशांति लंबे समय से पति से अलग रह रही थीं। उनके पति सुरेंदर रेड्डी नेल्लोर में रहते हैं। महिला अकेले ही बच्चों की परवरिश कर रही थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पारिवारिक तनाव और आर्थिक कठिनाइयों के कारण वह मानसिक दबाव में थीं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।













