मध्य प्रदेशसिंगरौली

चलती बस में बुजुर्ग महिला ने घुमाया स्टेयरिंग, बड़ा हादसा टला

सिंगरौली। जिले के मोरवा इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बस स्टैंड क्षेत्र से गुजर रही एक यात्री बस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस में सवार एक बुजुर्ग महिला ने अचानक चालक के पास पहुंचकर स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे बस कुछ पल के लिए अनियंत्रित हो गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया।

बस रोकने को लेकर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग महिला बस स्टैंड के पास बस रुकवाना चाह रही थी। उसने चालक से कई बार बस रोकने का आग्रह किया, लेकिन निर्धारित स्टॉप न होने के कारण चालक ने बस नहीं रोकी। इससे नाराज होकर महिला ने अचानक स्टेयरिंग घुमा दिया।

ड्राइवर ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक
स्टेयरिंग घुमते ही बस दुकानों की ओर बढ़ने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। बस में सवार करीब 20 यात्री घबरा गए। हालांकि चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस पर नियंत्रण पा लिया और संभावित दुर्घटना टल गई। इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई।

पुलिस ने समझाइश देकर मामला कराया शांत
घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ देर तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक व बुजुर्ग महिला से पूछताछ की। दोनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया गया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला सब्जियों से भरा झोला लेकर यात्रा कर रही थी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button