ऐश डैम में फंसी महिला की मौत, गांव में आक्रोश

सिंगरौली। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बधौरा चौकी क्षेत्र के खैराही गांव में स्थित एक निजी कंपनी के ऐश डैम में फंसने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान खैराही गांव निवासी पावित्री पनिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ऐश डैम क्षेत्र में लकड़ी लेने गई थी, तभी कंपनी की भारी मशीन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीच बने ऐश डैम से पहले ही खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो यह हादसा टल सकता था।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। बधौरा चौकी प्रभारी बी.एस. बंसल ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है।घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।













