बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दस हजार की रिश्‍त लेते पटवारी को लोकायुक्‍त ने दबोचा, की कार्यवाही

सिंगरौली। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चुरकी हल्का के पटवारी अमरीश सिंह वैश्य को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर सीमांकन और बंटवारे के काम के बदले शिकायतकर्ता से कुल ₹30,000 की अवैध मांग करने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महेंद्र प्रसाद ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि चुरकी हल्का का पटवारी अमरीश सिंह वैश्य उसके भूमि संबंधी सीमांकन और बंटवारे के कार्य को करने के लिए ₹30,000 की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

सत्यापन के बाद लोकायुक्त निरीक्षक संदीप भदौरिया के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता से ₹10,000 की पहली किश्त लेते ही मोरवा थाना क्षेत्र के मेन रोड इलाके में पटवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। रिश्वत की राशि आरोपी के पास से बरामद कर ली गई है।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को प्रशासनिक महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसे कदमों से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Author

Related Articles

Back to top button