मध्य प्रदेशसिंगरौली

भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर गोवंश को खिलाया, तीन मवेशियों की मौत

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद वार्ड क्रमांक 3, छुहीगड़ई में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर गोवंश को खिलाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस दर्दनाक घटना में तीन गोवंशों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को स्थानीय लोगों ने वार्ड क्षेत्र में कुछ गोवंशों को बीमार हालत में देखा, जबकि दो गोवंश मृत अवस्था में मिले। इसकी सूचना तत्काल सरई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सकों को बुलाकर बीमार गोवंशों का उपचार कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक और गोवंश की मौत हो गई। इस तरह कुल तीन मवेशियों की जान चली गई।

सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात लोगों ने भूसे में महुआ सहित कुछ अन्य संदिग्ध जहरीले पदार्थ मिला दिए थे। यह भूसा खुले स्थान पर रखा गया था, जिसे गोवंश ने खा लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल से भूसे और महुआ के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी रोष है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button