देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, नौ ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार 3 फरवरी 2026 की सुबह बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और बर्द्धमान सहित राज्य के कुल नौ ठिकानों पर एकसाथ तलाशी अभियान चलाया।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कोयला तस्करी से अर्जित अवैध धन के लेन-देन की कड़ियों को खंगालने के उद्देश्य से की गई है। ईडी को संदेह है कि तस्करी से जुटाई गई रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए इधर-उधर किया गया। इसी क्रम में एजेंसी डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन और अहम दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप में एक बालू कारोबारी के आवास पर सुबह करीब छह बजे से छापेमारी जारी है। वहीं, सिटी सेंटर क्षेत्र के आंबेडकर सरणी स्थित एक संदिग्ध मकान सहित पांडवेश्वर और कांकसा में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के पास स्थित परिसरों की भी तलाशी ली गई।

जांच में सामने आया है कि संबंधित कारोबारी अजय और दामोदर नदियों से बालू खनन से जुड़े हैं। आरोप है कि वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया गया और एक ही चालान का बार-बार उपयोग कर ढुलाई की गई। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button